महाशिवरात्रि पर पाण्डवकालीन मंदिर में पहुंचे सीएम, परम्‍परागत पूजा की

महाशिवरात्रि पर पाण्डवकालीन मंदिर में पहुंचे सीएम, परम्‍परागत पूजा की


गोरखपुर के पीपीगंज के भरोहिया गांव स्थित पितेश्वरनाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूजा अर्चना की। योगी आदित्यनाथ 11:30 बजे पीपीगंज के भरोहिया पहुंचे थे। यहां उन्होंने पाण्डव कालीन शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उसके बाद स्थानीय श्रद्धालुओं से मिले और उन्हें आशीर्वाद भी प्रदान किया। इस दौरान कई लोगों ने अपने प्रार्थना पत्र भी मुख्यमंत्री को दिए।


गोरक्षपीठाधीश्वर के लिए महाशिवरात्रि बेहद अहम है। भगवान शिव लोकमंगल और कल्याण के देवता हैं। वह अतृप्त आत्माओं और पशु-पक्षियों के देवता हैं। नाथपंथ की परम्परा में गुरु गोरखनाथ भगवान शिव के अवतार माने जाते हैं। नाथ संप्रदाय उन्हें अपना आदिनाथ स्वीकार करता है। इसलिए ही गोरखनाथ मंदिर लोक कल्याण और लोक मंगल की भावना से संचालित होता है। ऐसे में मंदिर के हर पीठाधीश्वर के लिए महाशिवरात्रि महत्वपूर्ण होती है। 


मठ पुरोहित रामानुज आचार्य कहते हैं कि सन्यासी का अपना कुछ भी नहीं होता है। उसका सब कुछ जगत के लिए होता है। मुख्‍यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्‍वर योगी आदित्यनाथ ने नाथ संप्रदाय की परम्परा के मुताबिक सम्पूर्ण मानव जाति कल्याण के लिए विधिपूवर्क भगवान शिवशंकर की पूजा अर्चना की। सभी के लिए राष्ट्र और राष्ट्र में रहने वाले लोगों की समृद्धि और शांति की कामना की।